दोनों थाना क्षेत्र के कई गांव में अवैध शराब की भट्ठी ध्वस्त, संचालकों को सख्त चेतावनी,शराब का धंधा बंद करने का स्पष्ट निर्देश

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा) :- पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मझिआंव एवं बरडीहा थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के साथ पैदल भ्रमण के दौरान थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के द्वारा सुखनदी गांव में अवैध रूप से संचालित शराब की एक भट्ठी को तोड़ दिया गया। वहीं मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार के नेतृत्व में खरसोता एवं बुढीखांड़ गांव में एएसआई रणवीर प्रसाद के द्वारा छापेमारी कर अवैध महुआ शराब एवं जावा महुआ को विनष्ट किया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब के निर्माण और कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

प्रशासन की ओर से शराब भट्ठी संचालकों को स्पष्ट और कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई है कि वे शराब बनाने और बेचने को अपना धंधा न बनाएं तथा तत्काल अवैध शराब की भट्ठियां चलाना बंद कर दें। नियमों की अनदेखी कर अवैध कारोबार जारी रखने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का यह कदम गांवों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अवैध शराब के कारोबार से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक माहौल प्रभावित होने के साथ कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे में प्रशासन इस गतिविधि पर अंकुश लगाने के लिए गंभीर नजर आ रहा है।

कार्रवाई के दौरान साफ संदेश दिया गया कि अवैध शराब का धंधा किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भट्ठी संचालक चेतावनी को अंतिम अवसर समझें और इस गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहें।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब देखना होगा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण पर कितना प्रभावी अंकुश लग पाता है।

Leave a Comment