भीम चूल्हा स्थल पर उमड़ा आस्था और भक्ति का सैलाब, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई जलभरी

 

जलभरी के दौरान देर से पहुंचा पुलिस प्रशासन, पूजा समिति के कार्यकर्ताओं की सजगता से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ कार्यक्रम

 

मोहम्मदगंज:- रविवार को शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन मोहम्मदगंज के ऐतिहासिक भीम चूल्हा स्थल पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। पूजा पंडालों में कलश स्थापना के लिए पवित्र कोयल नदी से जलभरी करने को लेकर मोहम्मदगंज और हैदरनगर प्रखंड के विभिन्न गांवों की पूजा समितियों के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

 

मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के भीमनगर मोहम्मदगंज, शिलापर, लटपौरी, माली, बेगमपुरा और कादल कुर्मी सहित हैदरनगर थाना क्षेत्र के इटवा, खड़ीहा, बरेवा, बरवाडीह और तेंदुआ गांव की पूजा समितियों के पुरुष, महिलाएं और बच्चे गाजे-बाजे के साथ पैदल कलश लेकर भीम चूल्हा स्थल पहुंचे।

यहां श्रद्धालुओं ने अपने-अपने आचार्यों के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पवित्र कोयल नदी का जल कलश में भरा। इसके बाद श्रद्धालु कलश लेकर अपने-अपने पूजा पंडालों में स्थापना के लिए रवाना हुए।

जलभरी कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में देरी को लेकर सवाल उठे। काफी देर बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। इस बीच सोशल मीडिया पर प्रशासन की गैरमौजूदगी को लेकर खबरें प्रसारित होने लगीं। हालांकि, पूजा समिति के कार्यकर्ताओं की सजगता और सक्रियता के कारण जलभरी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं के उत्साह और धार्मिक आस्था से ऐतिहासिक भीम चूल्हा स्थल का माहौल भक्तिमय बना रहा।

Leave a Comment