उमेश कुमार
रमना – दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह व रमना थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक ने रमना थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने *सीताराम मानस मंदिर, नवयुवक संघ , जय भवानी संघ बाजार और सूर्य क्लब भगत सिंह चौक* सहित विभिन्न पूजा पंडालों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने सूर्य क्लब अध्यक्ष अनमोल सोनी उर्फ गोलू सोनी एवं सभी पूजा पंडालों के अध्यक्षों एवं पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने पूजा समितियों से कहा कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

अधिकारियों ने दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने समितियों से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने तथा आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पूजा समितियों और स्थानीय लोगों का सहयोग आवश्यक है।



