सड़क दुर्घटना में मां-बेटी घायल, बेटी की हालत गंभीर,सड़क पर लगाए गए पानी पाइप, ईंट और घास के कारण हुई दुर्घटना

 

इस तरह के कार्य करने वालों पर हो कार्रवाई

अनूप सिंह 

मझिआंव (गढ़वा) :- बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव-बरडीहा मुख्य सड़क पर बभनी में मोटरसाइकिल से गिरकर मां और बेटी घायल हो गई।

दुर्घटना के संबंध में मोटरसाइकिल चालक सह घुरुआ गांव निवासी लाडले खान ने बताया कि वह अपने घर से अम्मी और बहन को लेकर बभनी निवासी गुलाम गौस के यहां जा रहे थे। उसी दौरान मुख्य सड़क पर पानी का पाइप पार करने के लिए बभनी निवासी सकलैन खान के द्वारा ईंट रखी गई थी और उसके ऊपर घास भी रखी हुई थी। घास के अंदर ईंट रखी है, यह समझ नहीं पाए, जिसके कारण मोटरसाइकिल सहित मैं और मेरी अम्मी रूबीना खातून एवं बहन नैना सिद्दीकी गिर गए। जिससे अम्मी और बहन को गंभीर चोट लगी है।

वहीं दोनों घायलों को मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। उपस्थित डॉक्टर कविता कुमारी ने रुबीना खातून पति एहरान खान और पुत्री नैना सिद्दीकी का प्राथमिक उपचार करते हुए बेहतर इलाज हेतु गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। डॉ. कविता ने बताया कि रूबीना के सिर में काफी गंभीर चोट है।

लाडले खान के मौसेरे भाई गुलाम गौस ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी राहुल सिंह के द्वारा सकलैन खान को सड़क किनारे से नाद, खूंटा और सड़क पर लगे पाइप को हटाने को लेकर पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन नहीं हटाया गया। इसी कारण मंगलवार को यह दुर्घटना हो गई, जिसमें दो महिलाएं घायल हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कई घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, जिसको लेकर ग्रामीणों द्वारा बीडीओ और थाना प्रभारी को बताया गया था। इसकी लिखित शिकायत थाने में भी दी जाएगी।

इधर लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क या ग्रामीण सड़क पर पाईप, पत्थर रखने या सड़क किनारे खुंटा,नाद रखते हैं तो उनके उपर कारवाई हो। क्योंकि सड़क दुघर्टना इससे भी बढ़ रहा है।

Leave a Comment