गरीबों को प्रमाण पत्र और पेंशन के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा : राजेश कुमार
अनूप सिंह
कांडी (गढ़वा):- प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी राजेश कुमार को भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे, कांडी मंडल अध्यक्ष शशिरंजन दुबे एवं हरिहरपुर मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने सामूहिक रूप से अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा क्षेत्र के विकास और आम जनता की परेशानियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
मौके पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि कांडी प्रखंड में बड़ी संख्या में गरीब और जरूरतमंद लोग रहते हैं। ऐसे लोगों को वृद्धावस्था पेंशन, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बार-बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ता है। उन्होंने बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी से आग्रह किया कि जरूरतमंद लोगों के कार्यों का निष्पादन सरल और सुचारु तरीके से किया जाए, ताकि गरीब जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस पर बीडीओ-सह-अंचलाधिकारी राजेश कुमार ने आश्वासन देते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रूप से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को पेंशन और विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए वे स्वयं पहल करेंगे। उन्होंने किसान मोर्चा के पदाधिकारियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे सुझाव प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इस मुलाकात के दौरान क्षेत्र की समस्याओं के समाधान तथा आम लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध पर जोर दिया गया।



