अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत अंतर्गत आरके पब्लिक स्कूल, उचरी में बुधवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 94वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्राचार्य केआर झा ने शिक्षकों एवं छात्र परिषद के पदाधिकारियों के साथ डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विद्यार्थियों के बीच चित्रकला, भाषण और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्राचार्य केआर झा ने डॉ. कलाम के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, समर्पण और सफलता की मिसाल है। बच्चों और युवाओं के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण उनकी जयंती को विश्व छात्र दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। साथ ही विंग्स ऑफ फायर, इंडिया 2020 और इग्नाइटेड माइंड्स जैसी पुस्तकों को पढ़ने की सलाह दी।

आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन अलख नाथ पाण्डेय ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को डॉ. कलाम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।



