दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट, कांडी में किसान सम्मान समारोह में शामिल होने का दिया न्योता

अनूप सिंह 

कांडी:-  रांची स्थित लोक भवन में दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव शशांक शेखर ने झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड में आयोजित होने वाले किसान सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए महामहिम राज्यपाल को सादर आमंत्रित किया।

आमंत्रण पर राज्यपाल ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कार्यक्रम की तिथि निर्धारित कर जानकारी दें, वे समारोह में शामिल होने का अवश्य प्रयास करेंगे। राज्यपाल की इस सकारात्मक प्रतिक्रिया से संगठन के सदस्यों में उत्साह है।

इस दौरान शशांक शेखर ने राज्य में विधि-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की आवश्यकता पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कई महीनों से वेतन भुगतान नहीं होने के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे एंबुलेंस चालकों का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार से उनके बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

शशांक शेखर ने कहा कि किसान हमारे समाज और अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से कांडी में किसान सम्मान समारोह आयोजित करने की पहल की जा रही है। इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के किसानों का उत्साह बढ़ाने और कृषि के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

शिष्टाचार भेंट के दौरान दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के सदस्य ओम प्रकाश वर्मा, बाबू खान एवं गोविंद शर्मा ने भी महामहिम राज्यपाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।इस मुलाकात के माध्यम से संगठन ने किसानों के सम्मान, जनसमस्याओं के समाधान और जनहित से जुड़े मुद्दों को राज्य के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Comment