नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न प्रखंडो के पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

 

विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

अनूप सिंह 

गढ़वा:- नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गढ़वा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री पशुपति नाथ मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष शेखर ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों में स्थापित पूजा पंडालों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने गढ़वा सदर, मझिआँव, श्री बंशीधर नगर, रमना एवं विशुनपुरा प्रखंड अंतर्गत विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा किसी भी संभावित समस्या से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया। साथ ही, सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला प्रशासन, गढ़वा द्वारा पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन की ओर से आमजनों से अपील की गई है कि वे दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

 

Leave a Comment