खरसोता देवी मंदिर परिसर में भक्ति जागरण कार्यक्रम का विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने किया उद्घाटन

धार्मिक आयोजन हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रतीक : नरेश प्रसाद सिंह

मां भगवती से विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की, पूजा समिति और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना की

अनूप सिंह 

मझिआंव(गढ़वा):- मझिआंव प्रखंड अंतर्गत खरसोता देवी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर आयोजित भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष राधा कृष्ण दुर्गा पूजा समिति द्वारा भव्य तरीके से दुर्गा पूजा मनाया जा रहा है। वहीं अध्यक्ष विनोद यादव ,कोषाध्यक्ष से सेस रंजन प्रसाद, सचिव सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य सदस्यों के साथ साथ ग्रामीणों ने पुजा में बढ़ चढ़ कर भाग लिए हैं। कमेटी के लोगों के सोमवार की शाम डांडिया कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं मंगलवार की शाम रावण दहन कार्यक्रम किया जाएगा।

इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने धार्मिक आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।

विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि मां भगवती की आराधना हमें आस्था, श्रद्धा, संस्कार और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और पारस्परिक सद्भाव का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ आते हैं, जिससे आपसी प्रेम, भाईचारा और सहयोग की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान उसकी समृद्ध परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सामाजिक सौहार्द में निहित है। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी धरोहर हैं। इन्हें संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने के साथ-साथ लोगों के बीच सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार करते हैं।

विधायक ने भक्ति जागरण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पूजा समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समस्त ग्रामीणों को बधाई देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

 

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की सहभागिता और सहयोग से ऐसे आयोजन भव्य स्वरूप लेते हैं। समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने मां जगजननी के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र सहित समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख-समृद्धि और सकारात्मकता का संचार हो।

कार्यक्रम के दौरान भक्ति एवं श्रद्धा का वातावरण बना रहा। स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया।

Leave a Comment