15 किमी पैदल चल सेमरी गांव पहुंचे अधिकारी, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं और मौके पर लिया त्वरित निर्णय
अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- पूर्व निर्धारित कार्यक्रम एवं समय के अनुसार बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी अपने आवास से पूरे दल-बल के साथ सुबह पैदल ही 15 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर सेमरी गांव पहुंचे। इस दौरान रास्ते भर ग्रामीणों से मिलते-जुलते वे सेमरी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल जनसमूह के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया और जमीनी हकीकत से रूबरू हुए।
तीन नई सड़क योजनाओं का चयन
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की मांग पर तीन अत्यंत आवश्यक एवं जर्जर सड़कों के निर्माण हेतु चयन किया गया। ये तीनों सड़कें आज तक कच्ची थीं और पहली बार इन पर पक्की सड़क का निर्माण होगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी राहत मिलेगी। इसके अलावा, नावाड़ीह विद्यालय जाने वाली जर्जर और बड़े-बड़े गड्ढों वाली सड़क को भी जीएसबी (GSB) योजना के तहत दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही, एक टोला के पास गहरे नाला पार करने में हो रही परेशानी को दूर करने के लिए मुखिया एवं पंचायत समिति को मौके पर ही पुलिया निर्माण हेतु योजना लेने का निर्देश दिया गया।

कल्याणकारी योजनाओं में अनियमितता पर सख्ती
भ्रमण के क्रम में ग्रामीणों से बातचीत के दौरान यह शिकायत सामने आई कि पशुपालन विभाग द्वारा इस वर्ष जून माह में वितरित की गई बकरियों को सप्लायर द्वारा वापस ले लिया गया है। इस पर प्रशासन द्वारा आवश्यक जांच और कार्रवाई की बात कही गई।
अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई: 24 घंटे का अल्टीमेटम
रास्ते में एक व्यक्ति द्वारा नहर के दोनों तरफ लगभग 20 खूंटे गाड़कर रास्ता अवरुद्ध किए जाने का मामला सामने आया, जिसे मौके पर ही उखाड़ फेंका गया। अतिक्रमणकर्ता को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है कि वह सड़क पर रखे अपने बचे हुए गोबर को हटा ले।
उत्क्रमित उच्च विद्यालय सेमरी (पीएम श्री विद्यालय ) की भूमि पर बगल के एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर मवेशी बांधने और विद्यालय की खिड़की तक कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया। हाल सर्वे में भी यह भूमि विद्यालय के नाम दर्ज है।
अतिक्रमणकारी को चेतावनी दी गई है कि वे दो दिनों के भीतर अपने कागजात के साथ उपस्थित हों, अन्यथा मापी गई जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पुलिस बल के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

जनता की समस्याएं और त्वरित समाधान, दिव्यांग सहायता:
रास्ते में एक ऐसे दिव्यांग व्यक्ति से मुलाकात हुई, जिनकी आंखें खराब हो चुकी हैं, नाक बंद है और शरीर बुरी तरह जल चुका है। जिस व्यक्ति के यहां वे काम करते थे, उसने कोई आर्थिक सहायता नहीं दी। मौके पर उपस्थित प्रवीण सिंह ने आश्वस्त किया कि कल्याण विभाग से हरसंभव सहायता राशि दी जाएगी तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा।
अनाथ बालक: एक अनाथ लड़के से भेंट होने पर मुखिया को त्वरित निर्देश दिया गया कि उसका कागजात तैयार कर जल्द से जल्द आगे की कार्रवाई पूरी की जाए।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय नावाड़ीह का निरीक्षण: विद्यालय निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति काफी कम पाई गई, जिस पर शिक्षकों को उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
यह भी पाया गया कि किसी भी बच्चे के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है। इस पर शिक्षक, पंचायत समिति सदस्य श्री अरविंद राजवार और मुखिया जत्रो बंजारी बहादुर अंसारी को संयुक्त रूप से फॉर्म भरवाकर प्रखंड कार्यालय भिजवाने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र समय पर निर्गत हो सके।
इस जन-संवाद और मैराथन पैदल दौरे से सेमरी गांव के ग्रामीण बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। प्रशासन की इस जमीनी व संवेदनशील पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

