अनूप सिंह
कांडी(गढ़वा):- प्रखंड के डुमरसोता गांव स्थित सोन नदी के पावन तट पर अड़ंगा बाबा धाम के समीप आगामी श्री शिवशक्ति रुद्र महायज्ञ सह श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव के आयोजन को लेकर सोमवार को विधिवत ध्वजारोहण किया गया। वृंदावन से पधारे विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यज्ञ स्थल पर ध्वजा स्थापित की। इस दौरान पूरा यज्ञ स्थल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में डुमरसोता गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आगामी महायज्ञ के सफल आयोजन की कामना की। ध्वजारोहण के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और चहल-पहल बढ़ गई है। यज्ञ को लेकर स्थानीय ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यज्ञ समिति के अध्यक्ष सुखदेव प्रसाद एवं सचिव सच्चिदानंद दुबे ने बताया कि 11 दिवसीय श्री शिवशक्ति रुद्र महायज्ञ सह श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का शुभारंभ 12 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा। वहीं, 21 नवंबर को यज्ञ की पूर्णाहुति संपन्न होगी। इस धार्मिक आयोजन में यज्ञाचार्य के रूप में वृंदावन से पधारे पंडित कुंज बिहारी महाराज अपनी भूमिका निभाएंगे। उनके सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।

आयोजन समिति के उपाध्यक्ष प्रकाश मेहता, उपकोषाध्यक्ष रवि मिश्रा एवं संरक्षक लक्ष्मण राम सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग लिया जा रहा है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की जाएगी। समिति ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य के भागी बनने की अपील की है।
मौके पर शशांक शेखर, राहुल तिवारी, भोला चौधरी, रीता देवी सहित काफी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

