गले मिले भाई, मिट गईं वर्षों की दूरियां, बीडीओ की पहल से खूनी जमीन विवाद का सुखद अंत

छोटे भाई ने छुए बड़े के पैर, ‘बाबू’ कहकर लगाया गले

 

अनूप सिंह 

    गढ़वा:- बरडीहा में बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह की पहल पर वर्षों पुराने जमीन विवाद का सुखद अंत हुआ। गैरमजरुआ और रैयती जमीन को लेकर सगे भाइयों अशोक साहू और करण साहू के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मामला मारपीट, प्राथमिकी और सिविल कोर्ट तक पहुंच चुका था। दोनों परिवारों के बीच कड़वाहट इतनी बढ़ गई थी कि एक भाई का घर महीनों से बंद था।

  बीडीओ की मौजूदगी में ग्रामीणों के साथ हुई बैठक में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी। भावुक क्षण तब आया, जब छोटे भाई ने बड़े भाई के पैर छुए और बड़े भाई ने उसे ‘बाबू’ कहकर गले लगा लिया। ग्रामीणों ने इस मिलन को रामायण की सीख से जोड़ते हुए सामाजिक सद्भाव की मिसाल बताया। लिखित पंचनामा के साथ विवाद सुलझाने पर लोगों ने प्रशासनिक पहल की सराहना की।

  इसके बाद बीडीओ ने पैदल भ्रमण कर जनसमस्याओं का जायजा लिया। बालिका आवासीय विद्यालय मैदान में होमगार्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को 1600 मीटर दौड़ के टिप्स दिए। मैदान के गड्ढे भरने के लिए दो ट्रैक्टर मिट्टी गिराने और मैदान के किनारे सड़क बनाने का निर्देश मुखिया को दिया। अतिक्रमण हटाने पर भी सहमति बनी।

  मुसहर टोली में खराब चापाकल ठीक कराने के लिए पीएचईडी से संपर्क किया गया। वहीं, बाजार में नाली अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए छठ के बाद कार्रवाई की बात कही गई।

मौके पर थाना प्रभारी राहुल सिंह, मुखिया पति वशिष्ठ पासवान, गोरख पासवान, इंजीनियर अनिल प्रजापति, अंचल अमीन अमलेश यादव, विकास कुमार, पूर्व प्रमुख समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment