अनूप सिंह
गढ़वा:- फुटबॉल के रोमांचक मुकाबले में जय हिंद स्पोर्ट्स क्लब, बरडीहा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मोहम्मदगंज की टीम को 1-0 से पराजित कर चचेरिया फुटबॉल टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है। क्लब के खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से पूरे प्रखंड में हर्ष और गर्व का माहौल है।

सम्मान समारोह और बच्चों का उत्साहवर्धन
चचेरिया फुटबॉल टूर्नामेंट में अतिथि के रूप में आमंत्रित प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह अपरिहार्य एवं जरूरी कार्यालय मीटिंग के कारण मैच के दौरान उपस्थित नहीं हो सके थे। हालांकि, जीत के तुरंत बाद उन्होंने बरडीहा के विजेता बच्चों को ब्लॉक कार्यालय में विशेष रूप से आमंत्रित किया।

श्री सिंह ने सभी खिलाड़ियों को अपने हाथों से लड्डू और मिठाइयां खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया, साथ ही उन्हें सम्मानित कर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के चेहरे पर इस अपनेपन और सम्मान से विशेष प्रसन्नता झलक रही थी।
बच्चों को संबोधित करते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने गर्वित स्वर में कहा कि इन खिलाड़ियों ने पूरे प्रखंड का नाम रौशन किया है, क्योंकि इस प्रतियोगिता में पूरे प्रखंड से एकमात्र यही टीम शामिल हुई थी। उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, तस्वीरें खिंचवायी और उनके खेल भावना की भरपूर सराहना की।


