कांडी : प्रकाश पर्व दीपावली, भैया दूज, गोवर्धन पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर सतबहिनी झरना तीर्थ में समिति के द्वारा विशेष सफाई अभियान चलाया गया। जिसक नेतृत्व मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने किया। इस मौके पर समिति के सभी विशिष्ट स्थाई सदस्य, स्थाई सदस्य एवं सामान्य सदस्यों के साथ इस धार्मिक एवं प्राकृतिक धरोहर से जुड़े श्रद्धालु आम जनों ने भाग लिया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतबहिनी झरना तीर्थ में लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान सामूहिक महाअनुष्ठान का विराट आयोजन किया जाता है।
इस दौरान विभिन्न दूरस्थ प्रदेशों, झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ स्थानीय 100 गांवों एवं शहरों के लाखों की संख्या में लोग भाग लेते हैं। इनमें निर्जला निराहार छठव्रती, उनके परिजन एवं हजारों की संख्या में दर्शक शामिल होते हैं। इससे पहले अगली सुबह दीपावली, उसके तीसरे दिन भैया दूज व चित्रगुप्त पूजा एवं गोवर्धन पूजा तथा उसके दो दिन के बाद से महापर्व छठ का आयोजन शुरू हो जाता है। इन धार्मिक पर्व त्योहारों पर सतबहिनी झरना तीर्थ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हुआ करती है। इसे ध्यान में रखकर समिति ने विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 7 नवंबर शनिवार की सुबह अभियान की शुरुआत की गई। इसकी औपचारिक शुरुआत सतबहिनी विकास समिति के अध्यक्ष सह विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने अपने हाथों झाड़ू लगाकर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सफाई प्रत्येक व्यक्ति परिवार एवं समाज की सख्त जरूरत है। यहां तो अन्य त्योहारों के साथ-साथ लोक आस्था के महापर्व छठ का विराट आयोजन किया जाना है। शुद्धता एवं संपूर्ण स्वच्छता छठ पर्व का अभिन्न अंग है। जहां भी यह पर्व होता है उससे जुड़े व्यक्ति उस स्थान एवं आसपास के स्थलों की सफाई तथा शुद्धता का पूर्ण ध्यान रखते हैं एवं कहा जाए तो छठ महापर्व शुद्धता एवं स्वच्छता का पर्यायवाची है। इसलिए मां सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल विकास समिति के द्वारा इस स्थल पर विशेष अभियान चलाकर यहां की सफाई के साथ-साथ समाज को सफाई एवं स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है।
इनके साथ-साथ समिति के विशिष्ट स्थाई सदस्य, स्थाई सदस्य एवं सामान्य सदस्यों तथा आम जनों ने भी इस पुनीत कार्य में भाग लिया। इस मौके पर तीन छठ घाटों जिनके ऊपर काफी संख्या में छठ व्रतियों ने अपने-अपने स्थान का टोकन लिया है। जबकि झरना घाटी, यज्ञशाला मैदान, मेला मैदान, दो मंजिला मंदिर परिसर एवं बड़ा तालाब के पिंडों पर भी महाव्रत छठ का आयोजन किया जाएगा। लिहाजा इन स्थलों की सफाई की गई। इस मौके पर समिति के सचिव ज्योतिर्विद पंडित मुरलीधर मिश्र, कोषाध्यक्ष विभूति नारायण दुबे, नवल किशोर तिवारी, सुदर्शन तिवारी, विधायक प्रतिनिधि आतिश कुमार सिंह, मंच संचालक दिलीप कुमार पांडेय, रघुनंदन राम, दीनानाथ प्रसाद, बटेश्वर सिंह, सुखदेव साह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।