भाईदूज पर श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गोधन पर्व, बहनों ने भाइयों की दीर्घायु की कामना की

अनूप सिंह 

 मझिआंव(गढ़वा):- नगर पंचायत क्षेत्र सहित मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के ग्रामीण इलाकों में मंगलवार को भाईदूज यानी गोधन का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं (बहनों) ने गोधन कूटने की परंपरा निभाते हुए अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। पर्व को लेकर सुबह से ही गांवों और घरों में उत्साह का माहौल रहा।

हिंदू पंचांग के अनुसार भाईदूज कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहनों द्वारा की गई पूजा से भाइयों को अकाल मृत्यु और संकटों से रक्षा का आशीर्वाद मिलता है।

पर्व के मौके पर महिलाओं और युवतियों ने घरों के आंगन एवं खुले स्थानों पर गोबर से गोधन की आकृति बनाई। इसके बाद फूल, अक्षत, दीप और अन्य पूजन सामग्री से विधिवत पूजा-अर्चना की। परंपरा के अनुसार बहनों ने मूसल से गोधन कूटने की रस्म निभाई और पारंपरिक गोधन गीत गाकर भाइयों के मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान गोधन को प्रतीकात्मक रूप से श्राप देने और फिर भाइयों की सलामती के लिए आशीर्वाद मांगने की लोक परंपरा भी निभाई गई।

पूजा के बाद बहनों ने भाइयों को बजरी खिलाई और माथे पर तिलक लगाकर उनके सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

गोधन पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक है। आधुनिकता के दौर में भी क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक लोक संस्कृति एवं रीति-रिवाजों को पूरी श्रद्धा के साथ जीवंत बनाए रखा। वहीं इसी के साथ छठ महापर्व की शुरुआत भी हो गई।

Leave a Comment