आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखना बेहद जरूरी : विधायक
अनूप सिंह
गढ़वा: कांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटहेरिया के भरत पहाड़ी टोला में लक्ष्मी पूजा के शुभ अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।
विधायक ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से गांव के सभी वर्गों के लोगों को एक साथ बैठने, विचार साझा करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिलता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं से जोड़कर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखना बेहद जरूरी है। जब गांव के लोग मिल-जुलकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।



