छठ पर्व को लेकर कांडी थाना प्रभारी ने सभी छठ घाट का किया निरीक्षण सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट पूजा समितियां के दिए आवश्यक निर्देश

अनूप सिंह 

कांडी (गढ़वा): कांडी थाना क्षेत्र में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कांडी थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार की सुबह से ही उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का लगातार भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा वहां की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा एवं गाड़ी पार्किंग का जायजा लिया।

    इस दौरान थाना प्रभारी ने विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने समिति के सदस्यों से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि पूजा के दौरान किसी भी व्रती या श्रद्धालु को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

ऋषिकेश सिंह ने कहा कि सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर कई राज्यों से छठ व्रतियों का आगमन होता है, जिसको लेकर यहां पर पुलिस प्रशासन की पूरी नजर है। जरूरत के अनुसार जिला से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जाएगा।

  वहीं कांडी मुख्यालय स्थित प्रसिद्ध छठ पोखरा को प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी विधि-व्यवस्था समिति द्वारा आकर्षक एवं व्यवस्थित तरीके से सजाया जा रहा है। छठ पोखरा समिति के अध्यक्ष कृष्णा बारी, उपाध्यक्ष रविरंजन उर्फ टिंकू, सचिव,पंकज कुमार उपसचिव अनूप पासवान,एवं कोषाध्यक्ष गोरख प्रसाद ,उप कोषाध्यक्ष, जेपी सोनी,के नेतृत्व में तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्यों द्वारा प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई जाती है।

    थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने सभी पूजा समितियों से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

मौके पर कांडी मुखिया विजय राम, साकेत सोनी, सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।

Leave a Comment