श्रीनगर गांव के डीह टोला में 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कराई पोस्टमार्टम, पति सहित अन्य हिरासत में 

अनूप सिंह 

गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत डुमरसोता पंचायत के श्रीनगर गांव के डीह टोला में बुधवार को 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान प्रेमा देवी के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए हरिहरपुर ओपी में आवेदन दिया है। मृतका के पिता बैजनाथ राम ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में अपनी पुत्री प्रेमा देवी की शादी श्रीनगर गांव निवासी राजू चंद्रवंशी के पुत्र राहुल कुमार चंद्रवंशी के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार की थी। आरोप है कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। इस मामले को लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

प्रेमा का मायका कांडी प्रखंड के शिवपुर पंचायत के बहेरा गांव में था। पिता के अनुसार, बुधवार को उनके दामाद राहुल कुमार चंद्रवंशी ने फोन कर पुत्री की मौत की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद जब वे अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचे तो शव की स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। इसके बाद उन्होंने पति राहुल कुमार चंद्रवंशी, सास सरिता देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं मृतिका कि दो वर्षीय छोटी बच्ची है।

      इस संबंध में हरिहरपुर ओपी प्रभारी परवेज आलम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं उन्होंने ने बताया पति सहित अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है, और गढ़वा न्यायालय भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Leave a Comment