घाटों को बेहतर तरीके से सजाया गया, चप्पे-चप्पे पर पुलिस रही मुस्तैद
अनूप सिंह
मझिआंव एवं बरडीहा थाना क्षेत्र में 36 घंटे के उपवास वाला छठ महापर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बताते चलें कि छठ महापर्व पर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया। महापर्व के अवसर पर छठ की शाम एवं सुबह मझिआंव, मोरबे एवं खरसोता सहित अन्य छठ घाटों पर गंगा आरती एवं भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं मझिआंव मेला घाट पूजा समिति सहित अन्य विभिन्न घाटों की समितियों द्वारा विधिवत तरीके से घाटों को सजाया गया था।
वहीं सूर्य मंदिर मेला घाट छठ पूजा समिति द्वारा भगवान भास्कर की मूर्ति स्थापित की गई थी और बाहर के कलाकारों द्वारा भक्ति जागरण का आयोजन कराया गया। छठ मेला घाट समिति द्वारा छठ घाट को बेहतर तरीके से सजाया गया था, जिसे देखकर लोग काफी खुश हुए।
वहीं नगर पंचायत क्षेत्र विकसित एवं सुखी-संपन्न बने, इसको लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं युवा समाजसेवी मारुति नंदन सोनी सहित अन्य लोगों ने छठ व्रत किया और भगवान भास्कर एवं छठी मैया से प्रार्थना की।
वहीं मोरबे सूर्य मंदिर को पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी काफी भव्य तरीके से सजाया गया। गंगा आरती कराई गई और भक्ति जागरण भी कराया गया। मंदिर के प्रांगण एवं आसपास के परिसर में हजारों छठ व्रतियों ने छठ महापर्व कर सुख-शांति की आराधना की। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सूर्य मंदिर के प्रांगण में काफी संख्या में लोगों ने छठ व्रत किया।वहीं इसी तरह खरसोता, करकटा, बोदरा, तलसबरिया, चाका, बुढ़ीखांड़, मझिआंव के खजुरी, बकोइया, बैल गाड़ी घाट, टंकी घाट, टड़हे, पुरहे, दवनकारा, रामपुर, गोपालपुर सहित अन्य क्षेत्रों में छठ महापर्व मनाया गया।
वहीं बरडीहा थाना क्षेत्र के जिका, लेभरी, सेमरी, ओबरा, आदर, बरडीहा, सलगा सहित अन्य गांवों में भी काफी बेहतर तरीके से छठ महापर्व मनाया गया।






