सरकोनी गांव में एकादशी उद्यापन को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, मां सतबहिनी झरना तीर्थ में हुआ जल पूजन

तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का हुआ शुभारंभ, शनिवार को हवन एवं भव्य भंडारे का होगा आयोजन

अनूप सिंह 

 गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सरकोनी गांव में गुरुवार को एकादशी उद्यापन समारोह को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं भक्तिभाव के साथ भाग लिया। कलश यात्रा मुख्य यजमान नागेंद्र नाथ सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। इसमें पूर्व भाजपा विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह भी शामिल हुए।

कलश यात्रा गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे सरकोनी गांव स्थित नागेंद्र नाथ सिंह के आवास से गाजे-बाजे एवं धार्मिक जयघोष के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर शामिल हुए। गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल मां सतबहिनी झरना तीर्थ पहुंची। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल ग्रहण कर धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया।

बताया गया कि यह तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम मुख्य यजमान नागेंद्र नाथ सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी गिरिजा वासु देवी के एकादशी उद्यापन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिन गुरुवार को जल यात्रा, मंडप स्थापना एवं पंचांग पूजन संपन्न कराया गया। वहीं, शुक्रवार को विधिवत पूजन के साथ एकादशी महात्म्य कथा का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को पूजन, कथा, हवन एवं भव्य भंडारे के साथ धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।

आयोजकों ने बताया कि शनिवार को दोपहर दो बजे से श्रद्धालुओं के आगमन तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अजय सिंह, विनय सिंह, रोहित सिंह, राहुल सिंह, अमित सिंह, विनीत सिंह, अभिनय सिंह एवं राज प्रताप सिंह सहित सिंह परिवार के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान पंडित सीताराम तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जा रहा है।

पूरे आयोजन को लेकर सरकोनी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं में धार्मिक अनुष्ठान को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें