अनूप सिंह
मझिआँव थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय +2 उच्च विद्यालय, करमडीह में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मझिआँव प्रमुख महोदया द्वारा किया गया। इस दौरान शिक्षकों की उपस्थिति में थाना प्रभारी अमित कुमार द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, वीरता एवं राष्ट्रभक्ति से परिचित कराते हुए उनके प्रेरणादायी जीवन, संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके योगदान के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को डायन-बिसाही जैसी अंधविश्वासपूर्ण सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, बाल विवाह की रोकथाम, आपातकालीन पुलिस सेवा डायल-112 के उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव एवं नशामुक्ति के महत्व के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि जागरूकता, सतर्कता एवं कानून के प्रति सम्मान से ही समाज को सुरक्षित बनाया जा सकता है।




