फिर किसानों पर बरसी प्रकृति की आफत, खेतों में सड़ रही धान की फसल, किसानों की टूटी कमर: रामलाला दुबे
अनूप सिंह
गढ़वा:- जिले के किसानों पर एक बार फिर प्रकृति की मार पड़ी है। लगातार हो रही बारिश और अतिवृष्टि के कारण खेतों में लगी धान की फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। कई खेतों में पानी जमा होने से धान की बालियां सड़ने लगी हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। लगातार प्राकृतिक आपदाओं ने अन्नदाताओं की कमर तोड़कर रख दी है।

इस संबंध में जारी भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य रामलाला दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि है कि पहले भी अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण किसानों की भदई फसल पूरी तरह चौपट हो गई थी। वहीं, धान की खेती के लिए डाले गए बिचड़े भी खेतों में ही सड़ गए थे। इसके बावजूद किसानों ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह दोबारा बीज की व्यवस्था कर धान की रोपाई की। कई किसानों ने बाहर से महंगे दामों पर बीज खरीदकर खेती की थी। शुरुआत में धान की फसल अच्छी स्थिति में थी और किसानों को इस बार बेहतर पैदावार की उम्मीद थी।

लेकिन जब धान की फसल में बालियां निकलने और फूल आने का समय आया, तभी अतिवृष्टि ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में लगातार पानी जमा रहने से धान के फूल झड़ गए और फसल को भारी नुकसान पहुंचा। अब बची-खुची फसल पर भी प्रकृति का कहर टूट पड़ा है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से धान की बालियां सड़ने लगी हैं। इससे किसानों के बीच मायूसी छाई हुई है।
किसानों ने कर्ज और महाजनों से किसी तरह पैसे जुटाकर खेती की थी। उन्हें उम्मीद थी कि धान की फसल बेचकर कर्ज चुकाएंगे और अगली रबी फसल की बुवाई के लिए पूंजी की व्यवस्था करेंगे। लेकिन लगातार प्राकृतिक आपदाओं ने किसानों के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। अब उनके सामने कर्ज चुकाने और परिवार का भरण-पोषण करने की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से झारखंड सरकार और जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए हैं। कहा गया है कि लगातार फसल बर्बाद होने के बावजूद अब तक किसानों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। अन्नदाता किसान आज बेबस और लाचार हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।


