अनूप सिंह
कांडी: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की प्रताड़ना और फिर संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत का मामला सामने आया है। गढ़वा जिले के कांडी थाना अंतर्गत सोहगड़ा गांव निवासी आलोक शर्मा की पुत्री आरती कुमारी (25) की पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र के सिगसिगी बेलवादामर गांव में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में रेहला थाना में कांड संख्या 130/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरती कुमारी की शादी 20 अप्रैल 2023 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ पलामू जिले के सिगसीगी बेलवा दामर गांव निवासी अवधनारायण विश्वकर्मा के पुत्र राहुल देव विश्वकर्मा के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बीतने के बाद पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज की मांग को लेकर आरती को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इसकी जानकारी आरती ने अपने मायके वालों को दी थी। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने दोनों परिवारों के बीच बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया था।

बताया जाता है कि 24 नवंबर 2026 को आरती अपने पति राहुल देव विश्वकर्मा के साथ अपने मायके सोहगाड़ा गांव आई थी। यहां दोनों चचेरी बहन की शादी में शामिल हुए। 26 नवंबर को शादी समारोह संपन्न होने के बाद विदाई कराकर दोनों वापस सिगसिगी, बेलवादामर लौट गए। हालांकि, मायके से ससुराल लौटने के महज एक दिन बाद ही आरती की मौत की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
मृतका के परिजनों के अनुसार, 27 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे आरती की गोतनी ने फोन कर सूचना दी कि आरती बेहोश हो गई है। परिजनों को जल्द ससुराल पहुंचने के लिए कहा गया। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग आनन-फानन में सिगसिगी बेलवादामर पहुंचे। वहां उन्हें बताया गया कि आरती को इलाज के लिए विश्रामपुर अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां आरती मृत अवस्था में पड़ी मिली।
परिजनों के मुताबिक, ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि आरती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वहीं, अस्पताल कर्मियों ने परिजनों को बताया कि आरती को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने दहेज प्रताड़ना और हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मृतका के पिता आलोक शर्मा ने रेहला थाना में दिए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके समधी, समधन, दामाद और ससुराल पक्ष के अन्य लोग लगातार एक लाख रुपये नकद और सोने की चेन स्प्लेंडर गाड़ी की मांग करते थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह उनकी मांग पूरी करने में असमर्थ थे। पिता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण उनकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आशंका जताई है कि 27 नवंबर को आरती के साथ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।
आवेदन में पिता ने अवधनारायण विश्वकर्मा, मीना देवी, राहुल देव विश्वकर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, दीपक विश्वकर्मा और गायत्री देवी समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को आरोपित किया है।
मामले में रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने बताया कि कांड संख्या 130/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। विवाहिता की मौत आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। आरोपी बक्से नही जाएंगे। घटना के बाद मृतका के मायके में मातम पसरा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

