दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, सर्पदंश से पांच वर्षीय बच्ची की मौत

अनूप सिंह 

कांडी थाना क्षेत्र के भीलमा गांव में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। विषैले कोबरा सांप के डसने से उपेंद्र प्रजापति की पांच वर्षीय पुत्री आराध्या कुमारी की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम आराध्या कुमारी अपने घर के पास बैठी हुई थी। इसी दौरान घर के पास जलावन के लिए रखे गोइठे को निकालने के क्रम में वहां छिपे एक विषैले कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा बच्ची का उपचार किया गया, लेकिन उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। महज पांच वर्ष की मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।जिस घर में दीपावली को लेकर खुशियों और उत्साह का माहौल होना चाहिए था, वहां बच्ची की मौत के बाद मातम छा गया। दीपावली की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। इस घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। पूरे भीलमा गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Leave a Comment