अनूप सिंह
कांडी थाना क्षेत्र के भीलमा गांव में दीपावली के दिन एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। विषैले कोबरा सांप के डसने से उपेंद्र प्रजापति की पांच वर्षीय पुत्री आराध्या कुमारी की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृत बच्ची के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम आराध्या कुमारी अपने घर के पास बैठी हुई थी। इसी दौरान घर के पास जलावन के लिए रखे गोइठे को निकालने के क्रम में वहां छिपे एक विषैले कोबरा सांप ने उसके पैर में डस लिया। सांप के डसने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव लेकर पहुंचे।





