लक्ष्मी पूजा के शुभ अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का विधायक ने फिता काट कर किया शुभारंभ 

आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखना बेहद जरूरी : विधायक 

 

अनूप सिंह 

गढ़वा: कांडी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत खुटहेरिया के भरत पहाड़ी टोला में लक्ष्मी पूजा के शुभ अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला।

विधायक ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से गांव के सभी वर्गों के लोगों को एक साथ बैठने, विचार साझा करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर मिलता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं से जोड़कर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखना बेहद जरूरी है। जब गांव के लोग मिल-जुलकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

  विधायक ने आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक या सांस्कृतिक आयोजन की सफलता स्थानीय लोगों की सहभागिता और सहयोग से ही संभव होती है। गांव की एकजुटता और आपसी सहयोग ही क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा सभी के जीवन में सकारात्मकता का संचार हो।

उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में लोगों की सक्रिय भागीदारी समाज के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।

कार्यक्रम में पंचायत के उपमुखिया आतिश सिंह, पंचायत समिति सदस्य अभिनंदन शर्मा, गोरखनाथ सिंह, बटेश्वर सिंह, झुन्ना सिंह, रामप्यारी साव, परदेशी रजवार, प्रवेश रजवार, नंदू रजवार, संतोष राम, विश्वनाथ रजवार, मनजीत कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Comment