गढ़वा: जिले के कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित खाद्य आपूर्ति गोदाम का मंगलवार को जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में खाद्यान्न के भंडारण, वितरण व्यवस्था एवं उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न का स्टॉक वेरिफिकेशन किया। साथ ही गोदाम में संधारित चलान पंजी, स्टॉक पंजी सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहनता से जांच की। उन्होंने गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। इसके अलावा खाद्यान्न के रखरखाव, सुरक्षित भंडारण तथा वितरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की।
निरीक्षण के उपरांत जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम ने बताया कि गोदाम की जांच के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। गोदाम में उपलब्ध खाद्यान्न के स्टॉक एवं संबंधित अभिलेखों का मिलान किया गया, जिसमें स्थिति संतोषजनक रही। उन्होंने गोदाम कर्मियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न का सुरक्षित तरीके से भंडारण सुनिश्चित करें तथा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप लाभुकों के बीच खाद्यान्न का पारदर्शी एवं नियमित वितरण बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकारी खाद्यान्न का सही रखरखाव और निर्धारित प्रक्रिया के तहत वितरण सुनिश्चित करना संबंधित कर्मियों की जिम्मेदारी है।
मौके पर अभय कुमार सिन्हा, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मुकेश कुमार त्रिपाठी, सहायक गोदाम प्रबंधक (एजीएम) शाहिद अंसारी सहित गोदाम के अन्य लोग मौजूद थे।