अबुआ आवास के लाभुकों ने किया नए घरों में गृह प्रवेश, फलदार पौधों का हुआ रोपण; ग्रामीण सड़कों का शिलान्यास कर विकास कार्यों को मिली गति
विद्यालयों में भी ‘विरासत, प्रगति और आकांक्षाओं का उत्सव’ के तहत आयोजित हुईं विविध गतिविधियां
अनूप सिंह
गढ़वा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा (17 से 28 नवंबर 2026) के अवसर पर जिले में विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्रामीण विकास विभाग के तत्वावधान में प्रखंड नगर उंटारी एवं रमना में अबुआ आवास योजना के लाभुकों के गृह प्रवेश, फलदार पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वच्छता एवं नशा मुक्ति शपथ तथा वीबी-जी राम जी योजना अंतर्गत ग्रामीण सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
नगर उंटारी प्रखंड के सुलसुलिया में अबुआ आवास के लाभुकों ने किया गृह प्रवेश
प्रखंड नगर उंटारी अंतर्गत ग्राम पंचायत हलिवंताकला के ग्राम सुलसुलिया में उप विकास आयुक्त श्रीमती प्रेमलता मुर्मू की उपस्थिति में अबुआ आवास योजना के तहत नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लाभुक श्रीमती नीरावती देवी एवं श्री रामजन्म दूबे ने अपने नए आवास में गृह प्रवेश किया। इस अवसर पर लाभुकों के आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हरित एवं स्वच्छ परिवेश को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।












