अनुप सिंह
बरडीहा: थाना क्षेत्र के लेभरी गांव में पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में गांव निवासी जगन्नाथ रजवार के 26 वर्षीय पुत्र विनोद रजवार घायल हो गए। घायल का इलाज मझिआंव रेफरल अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में घायल विनोद रजवार ने बताया कि सुबह में मैं अपने घर में खाना खा रहा था,इसी बीच गांव के ही संतोष रजवार के पुत्र चैतू रजवार तथा उसकी पत्नी सुहागा देवी लाठी-डंडे के साथ मेरे दरवाजा पर आकर गाली गलौज करने लगे।जब मैं घर से बाहर निकला ही था कि अचानक माथा पर लाठी से वार कर दिया।जिसमें मेरा माथा फट गया और मैं घायल हो गया।बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।साथ ही घायल विनोद रजवार ने आरोप लगाया कि उसकी रैयती जमीन को आरोपी पक्ष अपना बताकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। इसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

विनोद रजवार ने यह भी बताया कि इससे पहले भी आरोपी पक्ष द्वारा उनके परिवार के साथ मारपीट की घटना की जा चुकी है। प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया की थाना से इंजुरी काट कर दिया गया है, आवेदन मिलते ही जांचकर कारवाई किया जाएगा।



