अनुप सिंह
गढ़वा : जनसहभागिता एवं प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के तहत बुधवार को गढ़वा शहर में लगातार 11वें दिन तथा मेराल क्षेत्र में लगातार 5वें दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य जारी रहा। अभियान के माध्यम से नदी के प्राकृतिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने तथा उसे स्वच्छ एवं अविरल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गढ़वा शहर के नवादा क्षेत्र में आज नदी की सफाई का कार्य किया गया। नदी क्षेत्र में जमा गाद, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने के लिए मशीनों की सहायता ली गई। आज के अभियान के लिए जेसीबी मशीन की व्यवस्था चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य *बबलू पटवा* तथा पेट्रोल पंप संचालिका *अनु दुबे* के सहयोग से की गई। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई तथा नदी संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। एसडीएम ने उनके योगदान की सराहना की।

वहीं मेराल क्षेत्र में भी सरस्वतिया नदी की सफाई एवं डी-सिल्टिंग का कार्य लगातार पांचवें दिन जारी रहा। प्रभारी बीडीओ सह अंचलाधिकारी यशवंत नायक के नेतृत्व में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों एवं ग्रामीणों के सहयोग से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। नदी क्षेत्र से गाद एवं अवरोधों को हटाने का कार्य लगातार किया जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक प्रवाह को पुनर्जीवित करने में मदद मिल रही है।

अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार पांडे ने कहा कि “आपन सरस्वतिया” अभियान अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। गढ़वा और मेराल दोनों क्षेत्रों में लोगों का स्वस्फूर्त सहयोग इस बात का प्रमाण है कि समाज अपनी प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए आगे आ रहा है। उन्होंने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सरस्वतिया नदी की पूर्ण सफाई, डी-सिल्टिंग एवं अतिक्रमण मुक्ति तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की कि नदी क्षेत्र में कचरा न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।



