एसडीएम ने अधिकारियों संग सरस्वती नदी क्षेत्र का किया संयुक्त स्थल निरीक्षण

अनुप सिंह

गढ़वा: शनिवार शाम में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने अंचलाधिकारी गढ़वा सफी आलम, जलपथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता नवीन माहली तथा नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार के साथ बैठक कर अआपन सरस्वतिया अभियान को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विमर्श किया तथा कार्य योजना बनाई। इसके बाद उन्होंने सरस्वतिया नदी क्षेत्र का संयुक्त स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान नदी सफाई, डी-सिल्टिंग, अतिक्रमण मुक्ति एवं प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की स्थलीय समीक्षा की गई।

 

*अतिक्रमण को लेकर सुनवाई जारी*

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से संबंधित मामलों में सुनवाई की प्रक्रिया अभी जारी है। मामलों की सुनवाई के लिए अगली तिथि 10 जून निर्धारित की गई है। सुनवाई पूर्ण होने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अंचलाधिकारी सफी आलम ने बताया कि जिन 88 लोगों को नोटिस जारी किया गया था, उनमें से अधिकांश अतिक्रमण पहले ही हटा लिया गया था। हालांकि अभी भी कुछ मामलों में अतिक्रमण पाए जाने के कारण आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

*नदी में गंदगी प्रवाहित करने वाले 13 लोग चिन्हित, होगी कार्रवाई*

 

नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी को प्रतिवेदित किया कि सरस्वतिया नदी में कुछ लोगों द्वारा अब भी गंदगी एवं अपशिष्ट प्रवाहित किया जा रहा है। ऐसे 13 व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों को चिन्हित किया गया है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। इनमें साजदा खातून, इसरार खान, नरेश बघेल, विंध्याचल कुंवर, संजय राम, आदर्श होटल, रामचंद्र केसरी, काजू पटवा का मिठाई गोदाम, बबलू सिंह ,बबलू केसरी ,जेपीएस स्कूल, कुंदन रजक, सुरेंद्र राम आदि शामिल है।

अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नदी को प्रदूषित करने, गंदगी प्रवाहित करने अथवा सफाई अभियान के उद्देश्य को बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि नदी को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें तथा प्रदूषण फैलाने वालों की सूचना प्रशासन को उपलब्ध कराएं।

 

*जनपथ प्रमंडल नदी के दोनों ओर पिलर गाड़कर करेगा सीमांकन*

अधिकारियों के साथ बैठक के क्रम में एसडीएम ने जल पर प्रमंडल को निर्देश दिया कि वह नदी अतिक्रमण मुक्ति के उपरांत दोनों और कुछ-कुछ अंतराल में पिलर गाड़ देंगे। इस पर कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जैसे-जैसे नदी के हिस्से सीमांकित होते जाएंगे वे साथ-साथ पिलर गाड़ते जाएंगे।

Leave a Comment