अनुप सिंह
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बरडीहा में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं को विभिन्न सामाजिक मुद्दों,सुरक्षा उपायों एवं कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।कार्यक्रम में थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने छात्राओं को मद्य निषेध,नशा मुक्ति,साइबर अपराध से बचाव, यातायात सुरक्षा, बाल श्रम,बाल विवाह एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि समाज को बेहतर बनाने के लिए युवाओं और छात्राओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि या समस्या की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को दें।

उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को मोबाइल फोन के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, निजी जानकारी साझा नहीं करने एवं ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता के लिए डायल 112 एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायत के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी ने यातायात नियमों का पालन करने, बाल विवाह और बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है।इस अवसर पर विद्यालय की वार्डन कंचन कुमारी के साथ साथ शिक्षिकाएं एवं सभी छात्राएं उपस्थित थीं।




