अनुप सिंह
मझिआंव:- पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र में लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बरडीहा थाना पुलिस द्वारा बरडीहा +2 उच्च विद्यालय एवं मध्य विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय लोगों की उपस्थिति में बरडीहा बाजार क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं आम लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करना, यातायात नियमों का पालन करना तथा सावधानीपूर्वक वाहन चलाना सभी की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

इस दौरान साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने की अपील की गई।
वहीं नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है।
जागरूकता अभियान में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं के अलावा बरडीहा बाजार क्षेत्र के कई स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने पुलिस के इस पहल की सराहना करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने में सहयोग करने का आश्वासन दिया।




