जन समस्याओं को लेकर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने बीडीओ को सौंपा मांग पत्र

उमेश कुमार

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी भाकपा की रमना अंचल कमेटी ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को रमना प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को मांग पत्र सौंपा। पार्टी नेताओं ने कहा की लंबे समय से कई बुनियादी समस्याएं लंबित हैं। जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सौंपे गए मांग पत्र में क्षेत्र में रोजगार सृजन के लिए आवश्यक कदम उठाने, खराब पड़े चापाकलों एवं जलमीनारों की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारू करने तथा किसानों को रियायती दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा सुनील कुशवाही नगर कॉलोनी में वर्षों से रह रहे गरीब परिवारों को भूमि का मालिकाना हक देने तथा कनिया गांव में भूदान एवं गैरमजरुआ भूमि पर बसे लोगों को स्वामित्व अधिकार प्रदान करने की मांग भी उठाई गई।

भाकपा नेताओं ने सुनील कुशवाही नगर स्थित बगया-तलया नाला पर चेकडैम निर्माण कराने, मुसहर टोला में रहने वाले गरीब परिवारों के लिए पेयजल एवं आवास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र की अन्य बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जनसमस्याओं के निराकरण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

मांग पत्र सौंपने वालों में भाकपा रमना अंचल कमेटी के सचिव के अलावा नौरंगी पाल, राजकुमार भुइयां, विनोद ठाकुर, रामेश्वर प्रसाद, अकेला राजकुमार राम सहित अन्य कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल थे।

Leave a Comment