योगदान के बाद से हर सुबह पैदल चलकर सुदूर गांवों का दौरा कर जनता चौपाल लगाना बीडीओ सह सीओ की दिनचर्या में शामिल
वोटर लिस्ट के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक
अनुप सिंह
बरडीहा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुखनदी के लेवा टांड के ग्रामीणों की समस्याओं से सीधे रूबरू होने और सरकारी योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुंचाने के संकल्प के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह लगातार प्रयासरत हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद से ही वे रोजाना सुबह पैदल चलकर किसी न किसी सुदूर गांव में जनता चौपाल का आयोजन करते हैं और समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निपटारा करते हैं। इसी कड़ी में आज सुबह वे अपने आवास से 9 किलोमीटर की दूरी पैदल तय कर सुबह लगभग 8 बजे सुखनदी पंचायत के लेवाटांड गांव पहुंचे, जहाँ उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ एक अनौपचारिक जनता चौपाल का आयोजन किया।
चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न अंचल व प्रखंड स्तरीय समस्याओं को अंचल अधिकारी के समक्ष रखा।

वन पट्टा और बंदोबस्ती भूमि विवाद पर त्वरित कार्रवाई
चौपाल के दौरान कुछ आदिवासी परिवारों ने शिकायत की कि उन्हें 10 वर्ष पूर्व वन पट्टा आवंटित किया गया था, लेकिन जब वे उस भूमि पर खेती करने जाते हैं, तो वन रक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) द्वारा उन्हें रोक दिया जाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अंचल अधिकारी ने मौके पर ही संबंधित फॉरेस्ट गार्ड से बात की। फॉरेस्ट गार्ड ने स्पष्ट किया कि जमीन की एक बार आधिकारिक नापी करा ली जाए, ताकि पट्टे की सटीक सीमा स्पष्ट हो सके, जिसके बाद विभाग को कोई आपत्ति नहीं होगी।
इसके अतिरिक्त, कुछ ग्रामीणों ने बंदोबस्ती पर्चा की जमीन पर भी वन विभाग द्वारा रोक लगाए जाने की शिकायत की। इन दोनों मामलों पर अंचल अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अंचल कार्यालय द्वारा जल्द ही उक्त भूमियों की सरकारी नापी करा दी जाएगी ताकि सीमा से जुड़ा विवाद स्थायी रूप से हल हो सके।

चौपाल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े मामले भी सामने आए, जहाँ कुछ ग्रामीणों ने पेंशन रुकने की शिकायत की। अंचल अधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रभावित ग्रामीणों के दस्तावेज (पहचान पत्र) प्राप्त किए और मौके पर उपस्थित पंचायत सहायक को निर्देश दिया कि वे इन दस्तावेजों के साथ कार्यालय आएं और अविलंब पेंडिंग पेंशन का कार्य पूरा कराएं।
SIR (वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण) और कानूनी पहलुओं की दी जानकारी
अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने उपस्थित सभी ग्रामीणों को वोटर लिस्ट के एसआईआर (SIR – Special Intensive Revision / विशेष गहन पुनरीक्षण) के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने जानकारी ली कि यदि कोई योग्य व्यक्ति इस फॉर्म को भरने से या मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटा है, तो वे तुरंत बीएलओ (BLO) को सूचित करें।

इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को वन पट्टा प्राप्त करने की विस्तृत प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं से अवगत कराया ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।
चौपाल में अंचल अधिकारी के साथ उपप्रमुख सकेन्द्र पासवान, गोरख पासवान, वशिष्ठ पासवान, सुखनदी पंचायत के मुखिया, स्थानीय वार्ड सदस्य, बीएलओ, जेएसएलपीएस की दीदियाँ एवं भारी संख्या में पुरुष व महिला ग्रामीण उपस्थित थे।

