अनुप सिंह
मझिआंव :- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) नई दिल्ली के निर्देश पर संचालित 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत बुधवार को मझिआंव नगर पंचायत स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गढ़वा की सचिव निभा रंजन लकड़ा ने किया।

कार्यक्रम में अधिवक्ता राकेश कुमार त्रिपाठी, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार,विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। इस दौरान छात्राओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

DALSA सचिव निभा रंजन लकड़ा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कानून की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय, शोषण या अपराध की स्थिति में कानूनी सहायता लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

इधर कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता राकेश कुमार त्रिपाठी ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के उन्मूलन,बाल विवाह की रोकथाम एवं उसके दुष्परिणाम, यातायात नियमों का पालन, डायल-112 आपातकालीन पुलिस सहायता सेवा,साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। तथा किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

वहीं थाना प्रभारी अमित कुमार ने छात्राओं से कानून का सम्मान करने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

