कांडी प्रखंड कार्यालय में एसआईआर अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दो बीएलओ एवं एक सुपरवाइजर को बीडीओ ने किया सम्मानित

 

अनुप सिंह

कांडी :- विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने वाले कांडी प्रखंड के दो बीएलओ एवं एक सुपरवाइजर को सोमवार को प्रखंड कार्यालय में सम्मानित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय ने तीनों कर्मियों को शॉल ओढ़ाकर, मिठाई खिलाकर तथा डायरी और पेन भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

सम्मानित होने वालों में विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र -77 अंतर्गत बुथ संख्या 68 के घोड़दाग गांव की बीएलओ सरिता (सविता) देवी, जिन्होंने 1,028 मतदाताओं का एसआईआर कार्य 100 प्रतिशत पूरा किया, तथा भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र -81 अंतर्गत बुथ संख्या 177 के चौबे मझिगांवा की बीएलओ संगीता देवी, जिन्होंने 744 मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूरी सफलता के साथ संपन्न किया। इनके साथ अभियान की प्रभावी निगरानी करने वाले सुपरवाइजर मुकेश त्रिपाठी को भी सम्मानित किया गया।

बीडीओ राकेश सहाय ने बताया कि गढ़वा जिले में घोड़दाग बूथ संख्या–68 की बीएलओ सरिता देवी ने द्वितीय स्थान, जबकि चौबे मझिगांवा निवासी बूथ संख्या–177 की बीएलओ संगीता देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांडी प्रखंड का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है।

उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर अभियान को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिले।

Leave a Comment