रूपरानी खाद बीज भंडार’ में बीडीओ ने की छापेमारी, कालाबाजारी और फर्जीवाड़े का हुआ खुलासा; 

‘

जिला पदाधिकारी को भेजी जा रही कार्रवाई हेतु रिपोर्ट

मौके पर उपस्थित लाभुक को सरकारी दर पर उपलब्ध कराई गई खाद

अनुप सिंह

बरडीहा:- प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के द्वारा सोमवार को कोल्हुवा स्थित ‘रूपरानी खाद बीज भंडार’ का औचक निरीक्षण एवं जांच की गई। जांच के दौरान दुकान में व्यापक स्तर पर अनियमितताएं, कालाबाजारी और सरकारी नियमों का उल्लंघन पाया गया।

निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि दुकान संचालक अशरफी प्रजापति द्वारा निर्धारित सरकारी दर 267 रुपए प्रति बोरी की जगह किसानों से 400 से 450 रुपए प्रति बोरी की दर से यूरिया की बिक्री की जा रही थी। इस पर जब बीडीओ श्री सिंह ने पूछताछ की तो दुकानदार ने गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा कि “होलसेल से ही 240 रुपए में माल मिलता है, जिससे भाड़ा और लागत नहीं निकल पाती है इसी कारण अधिक दाम पर बेचना पड़ता है।”

वहीं दुकान के स्टॉक/बिक्री रजिस्टर की जांच करने पर पाया गया कि अधिकांश किसानों के नाम पर चार-चार बोरी की फर्जी बिक्री दर्ज की गई थी। मौके पर मौजूद ग्रामीण बबलू यादव ने शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने मात्र 20 किलो खाद लिया था, जबकि दुकानदार ने उनके नाम पर फर्जी तरीके से 4 बोरी खाद दर्ज कर शेष खाद कालाबाजारी के तहत किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया।

*पीड़ित किसान को निर्धारित दर पर उपलब्ध कराया गया खाद*

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने मौके पर ही कार्रवाई की और सभी ग्रामीणों की उपस्थिति में पीड़ित किसान बबलू यादव को निर्धारित सरकारी दर 267 रुपए में यूरिया का बैग उपलब्ध कराया, जिसका भुगतान बबलू यादव जी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि किसानों के हक पर डाका डालने और सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऐसे मुनाफाखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। जांच में पाई गई भारी अनियमितताओं और फर्जीवाड़े से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट अग्रतर कार्रवाई हेतु जिला पदाधिकारी को भेजी जा रही है।

इस दौरान मौके पर प्रखंड बीटीएम आकाश सिंह एवं कई स्थानीय ग्रामीण और किसान उपस्थित थे, जिन्होंने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

Leave a Comment