अनुप सिंह
मझिआंव :- नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-4 स्थित मझिआंव खुर्द गांव निवासी सह चर्चित मोटरसाइकिल मिस्त्री प्रदीप कुमार चंद्रवंशी (लगभग 45 वर्ष) का रांची के राज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उनके आवास पहुंचे।
परिजनों ने बताया कि चार दिन पूर्व उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद इलाज के लिए रांची के राज हॉस्पिटल ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच में हृदय संबंधी बीमारी, किडनी में संक्रमण तथा फेफड़ों की गंभीर समस्या का पता चला। उपचार के दौरान रविवार की देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

मृतक अपने पीछे पत्नी सुमित्रा देवी, दो पुत्रियों में आयुषी कुमारी, मुस्कान कुमारी तथा एक नाबालिग पुत्र जिगर कुमार को छोड़ गए हैं। सोमवार को कोयल नदी के बैलगाड़ी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके इकलौते नाबालिग पुत्र जिगर कुमार ने दी। इस दौरान परिजनों और उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं वार्ड सदस्य गीता देवी ने शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

प्रदीप कुमार चंद्रवंशी मझिआंव क्षेत्र के एक कुशल मोटरसाइकिल मिस्त्री के रूप में जाने जाते थे। अपने मधुर व्यवहार, मिलनसार स्वभाव और सरल व्यक्तित्व के कारण वे क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनके असामयिक निधन से पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है।



