अतिक्रमण और गंदगी के खिलाफ बीडीओ प्रवीण की पहल: सलगा पंचायत के ललगडा में ग्रामीणों संग चलाया स्वच्छता अभियान, कबाड़े गए मवेशियों के खूंटे

 

सुबह-सुबह 3 किमी पैदल चलकर गांव पहुंचे बीडीओ, जर्जर विद्यालय भवन का भी किया निरीक्षण

40 से 50 मवेशियों के खूंटे और नाद हटाकर रास्ता कराया गया अतिक्रमण मुक्त

सावन में मंदिर निर्माण के शिलान्यास पर बनी सहमति, जिप सदस्य अर्चना प्रकाश ने जमीन देने की घोषणा की

अनुप सिंह 

स्वच्छता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर बरडीहा प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने मंगलवार की सुबह एक मिसाल पेश की। बीडीओ श्री सिंह सुबह अपने आवास से लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलकर सलगा पंचायत के ललगडा गांव पहुंचे।

गांव में प्रवेश करते ही सड़क पर अत्यधिक कीचड़, गंदगी और अतिक्रमण का नजारा देखने को मिला। बीडीओ के पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और देखते ही देखते 100 से 150 ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बीडीओ को बताया कि सड़कों पर अतिक्रमण और मवेशियों को बांधे जाने के कारण रास्ता काफी संकरा हो गया है तथा हर समय कीचड़ बना रहता है।

 

समस्या की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वयं मोर्चा संभाला। बीडीओ और ग्रामीणों ने घर-घर जाकर सड़क किनारे गाड़े गए लगभग 40 से 50 मवेशियों के खूंटे और नाद को उखाड़ फेंका और रास्ते की पूरी तरह से सफाई करवाई। मात्र डेढ़ से दो घंटे के भीतर पूरा रास्ता साफ और स्वच्छ हो गया।

अभियान के दौरान बीडीओ ने गांव स्थित जर्जर विद्यालय भवन का जायजा लिया और उसके सामने बने सार्वजनिक स्थल की भी सफाई करवाई।

मौके पर गांव में मंदिर निर्माण को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में मौजूद जिला परिषद सदस्य अर्चना प्रकाश ने घोषणा की कि मंदिर निर्माण के लिए यदि जमीन की कोई कमी होगी, तो वह अपनी निजी जमीन देने के लिए तैयार हैं। सर्वसम्मति से आगामी सावन माह में मंदिर निर्माण का शिलान्यास करने पर विचार-विमर्श किया गया।

“हर समस्या में आपके साथ हैं”: बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अपनी अन्य स्थानीय समस्याओं से भी बीडीओ को अवगत कराया। बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा: “प्रशासन पूरी तरह आपके साथ है। गांव के विकास और स्वच्छता में ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ग्रामीण सीधे मुझसे संपर्क कर सकते हैं।”

Leave a Comment