अनुप सिंह
मझिआंव:- नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत उंचरी स्थित आर० के० पब्लिक स्कूल में बुधवार को भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य के० आर० झा ने शिक्षकों एवं छात्र प्रतिनिधियों के साथ तिलक के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

इस अवसर पर कक्षा 9 ‘बी’ की छात्रा इन्ना असफ ने लोकमान्य तिलक के जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। प्राचार्य के० आर० झा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकमान्य तिलक ने “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूँगा” जैसे प्रेरणादायी उद्घोष के माध्यम से देशवासियों में स्वतंत्रता की चेतना जगाई। उन्होंने स्वदेशी आंदोलन, स्वशासन की अवधारणा तथा राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही गणेश उत्सव एवं शिवाजी जयंती के सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से समाज को संगठित करने का कार्य किया। उन्होंने ‘गीता रहस्य’ जैसी कालजयी कृति की भी रचना की।

सीसीए (CCA) गतिविधियों के अंतर्गत तिलक के जीवन पर आधारित भाषण, नारा लेखन, चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आर० के० ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष अलख नाथ पांडे ने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आयोजित ऐसी शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों की सराहना की।

