कांवरियों को अंगवस्त्र देकर विधायक ने किया रवाना, नाग पंचमी पर कई जगह हुए शामिल,की पूजा-अर्चना

अनुप सिंह 

मझिआंव:- सावन की तृतीय सोमवारी एवं पावन नाग पंचमी के अवसर पर सोमवार को क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा। इसी क्रम में विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने मझिआंव प्रखंड अंतर्गत टड़हे बाजार पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए प्रस्थान कर रहे शिवभक्त कांवरिया भाई-बहनों से मुलाकात की। विधायक ने कांवरियों को अंगवस्त्र (गमछा) देकर सम्मानित किया तथा हरी झंडी दिखाकर उनकी मंगलमय यात्रा के लिए रवाना किया।

इस दौरान विधायक ने बाबा भोलेनाथ से सभी कांवरियों की यात्रा सुरक्षित, सुखद एवं निर्विघ्न होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु सकुशल बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करें और भगवान शिव उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें। उन्होंने क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की भी कामना की।

इधर, मझिआंव प्रखंड के जहरसराई में तृतीय सोमवारी एवं नाग पंचमी के शुभ अवसर पर आयोजित पवित्र जलयात्रा में भी विधायक नरेश प्रसाद सिंह शामिल हुए। जलयात्रा में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बना। विधायक ने बाबा भोलेनाथ एवं नाग देवता से क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

वहीं बरडीहा प्रखंड के सुखनदी गांव स्थित नाग बाबा मंदिर में विधायक ने नाग पंचमी के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना कर नाग बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति ही हमारी पहचान है। ईश्वर की कृपा से विश्रामपुर विधानसभा सहित पूरा क्षेत्र निरंतर विकास और समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े, यही उनकी कामना है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि भानु पासवान सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।

Leave a Comment