मोरबे विद्यालय की छह बालिका समेत आठ कबड्डी खिलाड़ियों का नेशनल कैंप के लिए चयन, एसजीएफआई ट्रायल में शानदार प्रदर्शन, 

 

अंडर-14 से अंडर-19 तक खिलाड़ियों ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

अनुप सिंह 

मझिआंव प्रखंड ने खेल के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। खेलगांव रांची में एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के तहत आयोजित कबड्डी ट्रायल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे के आठ खिलाड़ियों का चयन नेशनल कैंप के लिए किया गया है। इनमें छह बालिका और दो बालक खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय के साथ-साथ पूरे मझिआंव क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

बालिका वर्ग में अंडर-17 आयु वर्ग से चांदनी कुमारी,नंदनी कुमारी,अंजली कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी का चयन हुआ है। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में खुशी कुमारी एवं प्रीति कुमारी ने अपनी जगह बनाई है। इसी प्रकार बालक वर्ग में अंडर-17 से विकास कुमार मेहता तथा अंडर-14 वर्ग से सुमरन प्रसाद का चयन नेशनल कैंप के लिए किया गया है।

विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से शिक्षकों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में खुशी है। खिलाड़ियों ने ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया, जिसके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की तैयारी के लिए चयनित किया गया है।

विद्यालय के खेल शिक्षक संतोष कुमार मौर्य ने बताया कि अंडर-17 बालिका वर्ग का आयोजन उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में तथा अंडर-19 बालिका वर्ग का आयोजन कर्नाटक में प्रस्तावित है। हालांकि दोनों प्रतियोगिताओं की तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के आठ खिलाड़ियों का नेशनल कैंप के लिए चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। खिलाड़ियों की सफलता से विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का उत्साह और मजबूत हुआ है।

Leave a Comment