अनुप सिंह
मझिआंव(गढ़वा) : थाना क्षेत्र में पानी के निकास को लेकर बूढ़ीखांड़ गांव में हुए विवाद ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया। जिसमें लाठी-टांगी से हुए हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बारे में बताया गया कि उदय यादव के खेत का पानी लगातार घायल उमेश यादव (55 वर्ष) के घर में घुस रहा था।उमेश यादव ने जब पानी रोकने और रास्ता बदलने को कहा तो कहासुनी शुरू हो गई। जिसके बाद विवाद उत्पन्न हो गया। विषेश रूप से जानकारी देते हुए घायल के पुत्र दुर्गेश ने बताया कि पानी निकास पर कइल यादव, उसके दो पुत्र, उदय यादव और उसके ससुराल पक्ष से आए 8 लोगों ने मिलकर पहले गाली गलौज किया फिर लाठी-डंडा और टांगी से हमला कर दिया।

इस मारपीट में उमेश यादव (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र दुर्गेश यादव (22 वर्ष), उनकी पत्नी और 80 वर्षीय बुजुर्ग माता फुलेसरी कुंवर भी घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजनों द्वारा सभी घायलों को मझिआंव समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उमेश यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया ।
इधर घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

