शिक्षक दिवस का उल्लास, सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों में हुए कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने शिक्षकों को किया सम्मानित,गुरुजनों के सम्मान में झुके सिर

अनुप सिंह 

मझिआंव :- गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव शुक्रवार को मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों में देखने को मिला। शिक्षक दिवस के अवसर पर क्षेत्र के तमाम सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों व कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। कहीं विद्यार्थियों ने शिक्षकों का तिलक लगाकर स्वागत किया, तो कहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण एवं गीत-संगीत के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान जताया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन का महत्व बताया।

समारोह में वक्ताओं ने भारत के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को तमिलनाडु के तिरुत्तनी में हुआ था। दर्शनशास्त्र के प्रखर विद्वान डॉ. राधाकृष्णन ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। वे भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति और बाद में देश के दूसरे राष्ट्रपति बने। शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1954 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

बताया गया कि जब उनके शिष्यों एवं प्रशंसकों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा जताई, तो उन्होंने इसे व्यक्तिगत जन्मदिन के रूप में मनाने के बजाय शिक्षकों के सम्मान में मनाने की इच्छा व्यक्त की। इसके बाद 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।

विद्यालयों में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को उपहार देकर सम्मानित किया। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अंक हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संस्कारी और बेहतर नागरिक बनाना है। समारोह के अंत में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।इधर शिवेश्वर चंद्रवंशी इंटर कॉलेज, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मझिआंव, कन्या मध्य विद्यालय मझिआंव, राधा कृष्ण बालिका विद्यालय, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोरबे, उत्क्रमित उच्च विद्यालय ओबरा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय बरडीहा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय जीका, उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोका एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरछा बांध समेत आरके पब्लिक स्कूल उंचरी, अक्षर द पब्लिक स्कूल और एलके पब्लिक विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह की धूम रही।

Leave a Comment