बाहाहारा में 55 लाख की लागत से बनेगा उप स्वास्थ्य केंद्र, किया गया शिलान्यास 

 सच्चिदानंद 

रंका (गढ़वा):- रंका प्रखंड के सुदूरवर्ती बाहाहारा गांव में जिला परिषद निधि से 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास बुधवार को किया गया। स्वतंत्रता सेनानी फेतल सिंह खरवार की जन्मस्थली बंजारी पहाड़ के समीप जिला परिषद उत्तरी क्षेत्र की सदस्य संपूर्णा तिवारी एवं उनके प्रतिनिधि राहुल कुमार तिवारी ने नारियल फोड़कर संयुक्त रूप से शिलान्यास किया।

इस मौके पर संपूर्णा तिवारी ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही सुदूरवर्ती गांव के लोगों के लिए कुछ करने की इच्छा थी। ग्रामीणों, खासकर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधा के लिए करीब 20 किलोमीटर दूर रंका जाना पड़ता है। इसी परेशानी को देखते हुए यहां उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की पहल की गई है।

राहुल कुमार तिवारी ने बताया कि केंद्र के निर्माण पर 55 लाख रुपये खर्च होंगे और इससे बाहाहारा समेत करीब 15 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र बनने से ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने निर्माण में पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के सहयोग का भी उल्लेख किया।

ग्रामीणों ने उप स्वास्थ्य केंद्र के शिलान्यास पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे इलाज के लिए दूर जाने की समस्या कम होगी। मौके पर समाजसेवी प्रताप कुमार सिंह, अरुण सिंह, लोहा सिंह, राजनाथ सिंह, तपेश्वर सिंह, शिवनंदन सिंह, महेंद्र सिंह, हीरा, मोती देवी, सलमा देवी, शांति देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Comment