मझिआंव-बरडीहा में धूमधाम से हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा

अनुप सिंह

देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना को लेकर गुरुवार को मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। विभिन्न स्थानों पर पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूजा को लेकर सुबह से ही लोगों की चहल-पहल बनी रही।

इधर मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में भी पूजा समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की तथा प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटी रही।

पूजा समारोह के बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की थी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष अक्षयवर विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष बद्री शर्मा, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, सत्येंद्र विश्वकर्मा, अशोक विश्वकर्मा, अमित विश्वकर्मा एवं सुरेंद्र विश्वकर्मा सहित समिति के तमाम सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Leave a Comment