अनूप सिंह
मझिआंव(गढ़वा) :- नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव खुर्द वार्ड नंबर-4 निवासी अर्जुन यादव की 16 वर्षीय पुत्री पुष्पा कुमारी की प्लेटलेट्स में भारी कमी के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। पुष्पा राजकीयकृत राधा कृष्ण बालिका विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। छात्रा की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के पिता अर्जुन यादव ने बताया कि पिछले शनिवार को पुष्पा को अचानक माथे में दर्द के साथ तेज बुखार हुआ। इसके बाद गहीड़ी गांव में डॉ.राम पुकार साव से उसका इलाज कराया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर डॉ. नेयाज अंसारी से दिखाया गया। उन्होंने बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे डाल्टनगंज लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रिम्स रेफर कर दिया।

अर्जुन यादव के अनुसार रिम्स में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने प्लेटलेट्स काफी कम होने की जानकारी दी। सामान्य तौर पर प्लेटलेट्स करीब डेढ़ लाख के आसपास होने की बात बताई गई, जबकि पुष्पा का प्लेटलेट्स काउंट महज 15 हजार था। इलाज के दौरान गुरुवार की शाम उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को कोयल नदी स्थित बैलगाड़ी घाट पर पुष्पा का अंतिम संस्कार किया गया। मौत की सूचना मिलने पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी और वार्ड सदस्य गीता सिंह मृतका के घर पहुंचीं तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।



