अनूप सिंह
कांडी – थाना क्षेत्र के खरौंधा गांव निवासी बैजनाथ मिश्रा के पुत्र उमेश मिश्रा सीमा सुरक्षा बल में तैनात 55 वर्षीय जवान उमेश मिश्रा का गुरुवार की शाम इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर की बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को सुंडीपुर स्थित कोयल नदी के संगम घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बीएसएफ के जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी।

परिजनों के अनुसार, उमेश मिश्रा का दिसंबर 2024 से ब्रेन ट्यूमर का इलाज चल रहा था। सीएपीएफ कार्ड के माध्यम से दिल्ली के गुरुग्राम स्थित पारस अस्पताल में उनका विभागीय इलाज कराया जा रहा था। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। इसी बीच अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 21 सितंबर को रांची स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान गुरुवार की शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

उमेश मिश्रा वर्ष 1990 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वे बीएसएफ की 171वीं बटालियन में सिलचर में तैनात रहे थे। वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में थी। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल में अपनी सेवाएं देते हुए देश की सुरक्षा में योगदान दिया। उनके निधन के बाद हजारीबाग हेडक्वार्टर से बीएसएफ जवानों की टीम उनके पैतृक आवास पहुंची। सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई। इसके बाद सुंडीपुर स्थित कोयल नदी के संगम घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर भी बीएसएफ जवानों ने सैन्य सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा और परिजनों तथा ग्रामीणों की आंखें नम थीं।

उमेश मिश्रा अपने पीछे पत्नी गीता मिश्रा (50 वर्ष), दो पुत्र राहुल मिश्रा (30 वर्ष) एवं रंजन मिश्रा (25 वर्ष) तथा पुत्री ममता मिश्रा (27 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार, उनके एक पुत्र और एक पुत्री का अभी विवाह नहीं हुआ है। जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अंतिम विदाई के दौरान कई समाजसेवी रजनीश रंजन दुबे उर्फ विकास कांडी प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र कुमार पांडेय उर्फ पिंकू पांडेय जनप्रतिनिधि सहित उत्तम कुमार पासवान, बीडीसी प्रतिनिधि अनूप कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने दिवंगत उमेश मिश्रा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।



