अनूप सिंह
मझिआंव (गढ़वा):- झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर राज्य के सभी पीएम श्री विद्यालयों में 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाली मॉडल यूथ ग्राम सभा को लेकर पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खरसोता में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मझिआंव प्रखंड में मॉडल यूथ ग्राम सभा के लिए खरसोता विद्यालय का चयन किया गया है। इसे लेकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है।

गढ़वा जिले में प्रथम चरण के लिए कुल 12 विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें मझिआंव प्रखंड से मात्र पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय खरसोता को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष तैयारी की जा रही है। इसके तहत कक्षा 9 में अध्ययनरत 20 विद्यार्थियों को मॉडल यूथ ग्राम सभा के लिए तैयार किया जा रहा है।
नोडल शिक्षक चंद्रशेखर उपाध्याय के नेतृत्व में विद्यार्थियों को ग्राम सभा की कार्यप्रणाली, जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रश्न रखने की प्रक्रिया और चर्चा में भागीदारी को लेकर अभ्यास कराया जा रहा है। विद्यार्थियों को इस प्रकार तैयार किया जा रहा है कि वे ग्राम सभा की वास्तविक प्रक्रिया को समझते हुए अपनी भूमिका प्रभावी ढंग से निभा सकें।

कार्यक्रम के लिए प्रेक्षक के रूप में मझिआंव के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी संतोष कुमार दुबे को नामित किया गया है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से मॉडल यूथ ग्राम सभा को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।



